home page

सरकारी पाइप भंडारण मामले में केशियाड़ी से तृणमूल नेता गिरफ्तार

 | 
सरकारी पाइप भंडारण मामले में केशियाड़ी से तृणमूल नेता गिरफ्तार


मेदिनीपुर, 09 जुलाई (हि.स.)।

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियाड़ी थाना क्षेत्र के खाजरा निवासी ठेकेदार तथा तृणमूल कांग्रेस के नेता पीयूष चंद्र को सरकारी परियोजना के पाइप अवैध रूप से भंडारित करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार देर रात अभियान चलाकर उन्हें हिरासत में लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित के विरुद्ध सरकारी परियोजना में प्रयुक्त पाइप अवैध रूप से जमा करने का आरोप है। इसके अतिरिक्त उनके विरुद्ध प्राप्त अन्य शिकायतों के आधार पर भी जांच की जा रही है।

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि पीयूष चंद्र क्षेत्र की तृणमूल कांग्रेस की एक महिला नेता के निकट सहयोगी माने जाते हैं। हालांकि, इस संबंध में संबंधित नेता की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि सरकारी सामग्री किस प्रकार और किस उद्देश्य से भंडारित की गई थी। जांच के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद केशियाड़ी के खाजरा क्षेत्र सहित स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता