home page

बालू माफिया मामले में केशियाड़ी के ठेकेदार और तृणमूल नेता के घर छापेमारी

 | 
बालू माफिया मामले में केशियाड़ी के ठेकेदार और तृणमूल नेता के घर छापेमारी


पश्चिम मेदिनीपुर, 03 जून (हि. स.)। बालू माफिया से कथित आर्थिक लेनदेन के मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस की प्रभावशाली नेता कल्पना शीत से जुड़े लोगों पर जांच का दायरा बढ़ गया है। बुधवार को पुलिस और प्रशासन ने केशियाड़ी के खाजरा इलाके में ठेकेदार पीयूष चंद्र और तृणमूल नेता गौतम पात्र के घर पर छापेमारी की।

जानकारी के अनुसार, कल्पना शीत की गिरफ्तारी के बाद खड़गपुर टाउन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी जांच के सिलसिले में केशियाड़ी थाना पुलिस और ब्लॉक प्रशासन की टीम ने दोनों नेताओं के घरों की तलाशी ली।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पीयूष चंद्र के घर से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग में उपयोग होने वाले पानी के पाइप और बड़ी मात्रा में सरकारी तिरपाल बरामद होने की प्राथमिक जानकारी मिली है। इन सामानों के स्रोत और इन्हें रखने की वैधता की जांच की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि बरामद सामग्री की पूरी जांच की जाएगी। यदि सरकारी संपत्ति को अवैध रूप से रखने या किसी अन्य अनियमितता के प्रमाण मिलते हैं, तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

उधर, कल्पना शीत की गिरफ्तारी और उसके बाद हुई इस छापेमारी से केशियाड़ी के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता