केशियाड़ी में पांच करोड़ से बनेगा आधुनिक मिनी इंडोर स्टेडियम
पश्चिम मेदिनीपुर, 22 जून (हि. स.)। जिले के केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र के खेल प्रेमियों के लिए राज्य बजट में बड़ी सौगात दी गई है। राज्य सरकार ने केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक मिनी इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद क्षेत्र के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
प्रस्तावित मिनी इंडोर स्टेडियम में विभिन्न प्रकार के इंडोर खेलों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और विभिन्न खेल प्रतियोगितियों के आयोजन के लिए भी यह परिसर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। लंबे समय से केशियाड़ी क्षेत्र में बेहतर खेल बुनियादी ढांचे की मांग उठ रही थी, जिसे राज्य बजट में अब स्वीकृति मिल गई है।
केशियाड़ी के स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ी नागेन्द्र राउत ने कहा कि स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और बढ़ेगी तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी क्षमता को और बेहतर तरीके से विकसित कर सकेंगे। इसके साथ ही जिले के खेल मानचित्र पर केशियाड़ी की पहचान भी मजबूत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

