home page

पथश्री-चार में केशियाड़ी ब्लॉक को एक भी सड़क नहीं, आदिवासी क्षेत्र रहा वंचित

 | 
पथश्री-चार में केशियाड़ी ब्लॉक को एक भी सड़क नहीं, आदिवासी क्षेत्र रहा वंचित


मेदिनीपुर, 04 फ़रवरी (हि. स.)। जहां एक ओर पूरे पश्चिम बंगाल में ‘पथश्री-चार’ परियोजना के तहत बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण का काम शुरू हो चुका है, वहीं पश्चिम मेदिनीपुर जिले का आदिवासी बहुल केशियाड़ी ब्लॉक पूरी तरह से उपेक्षित रह गया है। जिले के 21 ब्लॉकों के लिए कुल 620 नई सड़कों को मंजूरी मिली है, लेकिन सूची में केशियाड़ी ब्लॉक का नाम तक शामिल नहीं है।

जानकारी के अनुसार, पड़ोसी सबंग और केशपुर ब्लॉक को क्रमशः 61 और 67 सड़कों की मंजूरी मिली है, जबकि नौ ग्राम पंचायतों वाला केशियाड़ी ब्लॉक शून्य प्राप्‍ति के साथ रह गया। इस भेदभावपूर्ण स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है और जिला प्रशासन भी असमंजस में दिखाई दे रहा है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, केशियाड़ी ब्लॉक में जर्जर सड़कों के मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण के लिए जिला प्रशासन को छोटे-बड़े मिलाकर 250 से अधिक प्रस्ताव भेजे गए थे। हाल ही में राज्य सरकार से आई सूची में जिले के लगभग सभी ब्लॉकों को कमोबेश सड़कें मिलीं, लेकिन केशियाड़ी को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।

इस मुद्दे पर जिला परिषद की सभाधिपति प्रतिभा माइती ने भी आश्चर्य जताया है। उन्होंने कहा कि हमने केशियाड़ी ब्लॉक के प्रस्ताव भी अन्य सभी ब्लॉकों के साथ भेजे थे। यह ब्लॉक क्यों वंचित रह गया, यह स्पष्ट नहीं है। हमने राज्य सरकार से पुनर्विचार का अनुरोध किया है। फिलहाल, जिला परिषद अपने स्वयं के कोष से कुछ सड़कों को मंजूरी दे रही है।

वहीं, क्षेत्र के विधायक परेशचंद्र मुर्मू ने भी मामले को गंभीरता से उठाया है। उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया है और पंचायत मंत्री से मुलाकात कर नाराजगी जाहिर की है। विधायक ने बताया कि मंत्री महोदय ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है और नए सिरे से प्रस्ताव मांगे हैं। मैंने पहले ही 48 नई सड़कों का प्रस्ताव जमा किया है, जिनमें से एक सड़क के लिए दो करोड़ 45 लाख रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। उम्मीद है बाकी सड़कों को भी जल्द स्वीकृति मिलेगी।

फिलहाल, केशियाड़ी ब्लॉक की नौ ग्राम पंचायतों में कुल 282 सड़क प्रस्ताव प्रशासनिक स्तर पर लंबित हैं। आदिवासी बहुल इस इलाके में सड़कों की हालत बेहद खराब है। यदि बारिश से पहले सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ, तो जन आक्रोश और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता