home page

दक्षिण पूर्व रेलवे ने पारंपारिक लोकोमोटिव में कवच प्रणाली लगाकर सुरक्षा बढ़ाई

 | 
दक्षिण पूर्व रेलवे ने पारंपारिक लोकोमोटिव में कवच प्रणाली लगाकर सुरक्षा बढ़ाई


खड़गपुर, 07 अक्टूबर (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) ने रेल सुरक्षा और परिचालन विश्वसनीयता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बुधवार शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रेलवे ने बताया कि खड़गपुर स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड पारंपारिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव में स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ लगाने वाला दक्षिण पूर्व रेलवे का पहला शेड बन गया है।

‘कवच’ प्रणाली में स्वचालित ब्रेक लगाने, सिग्नल पार करने की स्थिति में सुरक्षा, अधिक गति पर नियंत्रण और ड्राइवर मशीन इंटरफेस (डीएमआई) के माध्यम से लगातार कैब सिग्नलिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे ट्रेनों के परिचालन में सुरक्षा बढ़ेगी और यात्रियों की यात्रा अधिक सुरक्षित होगी।

दक्षिण पूर्व रेलवे के अनुसार, 25 जुलाई 2026 से एक अक्टूबर 2026 के बीच कुल 10 लोकोमोटिव में ‘कवच’ प्रणाली सफलतापूर्वक चालू की जा चुकी है। इसके अलावा दो अन्य लोकोमोटिव में भी ‘कवच’ प्रणाली लगा दी गई है, जिन्हें चालू किया जाना बाकी है। वहीं, दो अन्य लोकोमोटिव में प्रणाली लगाने का काम जारी है।

खड़गपुर का इलेक्ट्रिक लोको शेड पारंपारिक इलेक्ट्रिक मालगाड़ी लोकोमोटिव में आरएफआईडी टैग लगाने वाला दक्षिण पूर्व रेलवे का पहला शेड भी बन गया है। आरएफआईडी टैग के माध्यम से रेलवे परिसरों में लोकोमोटिव की स्वचालित पहचान और डिजिटल निगरानी संभव होगी। इससे लोकोमोटिव की स्थिति की जानकारी रखने और परिचालन दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

फिलहाल खड़गपुर इलेक्ट्रिक लोको शेड के दो लोकोमोटिव में सफलतापूर्वक आरएफआईडी टैग लगाए जा चुके हैं। तीन अन्य लोकोमोटिव में टैग लगाने का काम जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता