तारातला वेयरहाउस हादसे में कटवा के युवक की मौत, घर पहुंचा पार्थिव शरीर
पूर्व बर्दवान, 25 जून (हि. स.)। कोलकाता के तारातला वेयरहाउस हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों में पूर्व बर्दवान जिले के कटवा के गाजीपुर गांव निवासी रोहित चौधरी (20) भी शामिल हैं। गुरुवार को जब रोहित का पार्थिव शरीर उसके पैतृक कटवा के गाजीपुर गांव पहुंचा तो परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो उठा।
बताया गया कि गाजीपुर गांव के चौधरीपाड़ा निवासी रोहित चौधरी पिछले करीब डेढ़ महीने से कोलकाता के तारातला इलाके में मजदूर के रूप में काम कर रहे थे। परिवार के अनुसार, एक ठेकेदार के माध्यम से उन्हें वहां काम मिला था और वे परिवार की जिम्मेदारियां संभालने के लिए नौकरी कर रहे थे।
परिजनों ने बताया कि रोहित ने वर्ष 2024 में कटवा के अग्रणी हाई स्कूल से उच्च माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद घर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें काम पर जाना पड़ा।
रोहित के पिता बनारस चौधरी लंबे समय से पक्षाघात (पैरालिसिस) से पीड़ित हैं, जिसके कारण परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक रोहित के कंधों पर आ गई थी। परिवार को संभालने और घर चलाने के लिए वह कम उम्र में ही रोजगार की तलाश में निकल पड़ा था।
गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना जतायी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

