पूर्व बर्धमान में तृणमूल के जिलाध्यक्ष रविंद्रनाथ चटर्जी गिरफ्तार
पूर्व बर्धमान, 02 जून (हि. स.)। जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष एवं कटवा के पूर्व विधायक रवींद्रनाथ चटर्जी
की गिरफ्तारी को लेकर मंगलवार को कटवा में भारी तनाव का माहौल बन गया। आरोप है कि उनके पार्टी कार्यालय के ठीक सामने स्थित एक गोदाम से बड़ी मात्रा में सरकारी तिरपाल, कपड़े और अन्य राहत सामग्री बरामद की गई।
स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि कथित तौर पर तिरपाल और कपड़ों की हेराफेरी की जा रही थी। आरोप है कि सामग्री को वहां से बाहर ले जाने के दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद इलाके में हंगामा शुरू हो गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पूर्व विधायक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कुछ लोगों ने चोर-चोर के नारे लगाए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद सरकारी सामग्री कहां से आई और गोदाम तक कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। इसी सिलसिले में रविंद्रनाथ चटर्जी से पूछताछ की गई और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

