जम्मू-कश्मीर घूमने गए पर्यटक दल की बस दुर्घटनाग्रस्त, पोटाशपुर की महिला की मौत
कोलकाता, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर के जाहलदा से 65 लोगों के पर्यटक दल के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने गई पोटाशपुर की एक महिला की बस दुर्घटना में मौत हो गई। मृतका की पहचान पोटाशपुर-दो प्रखंड के बहड़दा गांव निवासी यमुना ठाकुर (49) के रूप में हुई है। दुर्घटना में पूर्व मेदिनीपुर के 15 अन्य पर्यटक घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार रात विधायक दिव्येंदु अधिकारी सक्रिय हुए। प्रशासन के अनुसार, घायलों को वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।
रविवार को पोटाशपुर-दो के बीडीओ, संयुक्त बीडीओ सहित प्रखंड प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने मृतका के परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। परिवार के सदस्यों के जम्मू-कश्मीर जाने की व्यवस्था भी की गई है। सोमवार सुबह यमुना के बेटे समेत परिवार के चार सदस्य सियालदह से ट्रेन से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए।
यमुना के बेटे शुभंकर ने कहा, “दाह संस्कार के बाद शव को घर तक वापस लाने की आर्थिक क्षमता हमारे परिवार में नहीं है। इसलिए वहीं अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया है।”
एगरा के महकमा शासक करमबीर केशव ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए मृतका के परिवार के चार सदस्यों के नाम दर्ज किए गए हैं। उनके ट्रेन से आने-जाने की व्यवस्था की गई है। जम्मू के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय से संपर्क कर मृत्यु प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों के लिए सहयोग करने को कहा गया है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, 19 सितंबर को पश्चिम मेदिनीपुर के जाहलदा से 65 लोगों का दल आरक्षित बस से कश्मीर घूमने के लिए रवाना हुआ था। दल में अधिकांश लोग एगरा महकमा क्षेत्र के रहने वाले थे। वापसी के दौरान शनिवार सुबह करीब 8:50 बजे श्रीनगर से जम्मू जाने के रास्ते में रामबन के मरुग इलाके में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया है कि बस का ब्रेक फेल होने के बाद वह एक चट्टान से जा टकराई।
दुर्घटना में बस में सवार यात्रियों को कम-अधिक चोटें आईं। स्थानीय पुलिस और सेना ने घायलों को बचाकर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने यमुना ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक्स हैंडल पर लिखा कि रामबन दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की खबर से वह दुखी हैं। उन्होंने वहां के उपायुक्त से बात की और घायलों का इलाज कराने तथा उन्हें जल्द सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान से बात की। दोनों के बीच बंगाल के पर्यटकों को उपचार के बाद सुरक्षित घर वापस भेजने की व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई।
प्रशासन की पहल पर 12 घायल यात्रियों को हिमगिरी एक्सप्रेस से वापस भेजने की व्यवस्था की गई है। बाकी यात्रियों को एक अन्य आरक्षित बस से वापस लाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

