कर्णसुबर्ण रेल दुर्घटना पीड़ित परिवारों से मिले मुख्यमंत्री, आर्थिक सहायता का चेक सौंपा
मुर्शिदाबाद, 23 जुलाई (हि. स.)। मुर्शिदाबाद के कर्णसुबर्ण में रेल फाटक पर हुई स्कूली वाहन दुर्घटना में मृत बच्चों के परिजनों से गुरुवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। साथ ही प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के आरोपित गेटमैन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अत्यंत पीड़ित मन से यहां आया हूं। फूल जैसे छोटे-छोटे बच्चे इस दुर्घटना का शिकार हुए हैं। इस दुख को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। धनराशि से इस क्षति की भरपाई नहीं हो सकती। यह सहायता सरकारी धन है, मेरा व्यक्तिगत नहीं।
दुर्घटना में अपने इकलौते पुत्र इशानुर रहमान को खो चुकीं अजीजा खातून मुख्यमंत्री से मिलकर भावुक हो गईं। उनके पति रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में कार्यरत हैं। अजीजा ने अपने पति के लिए राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने 15 दिनों के भीतर नौकरी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
दुर्घटना में मृत छात्रा जेसिका शबनम की मां शेफाली खातून ने भी मुख्यमंत्री से रोजगार की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी पुत्री भविष्य में बहुत कुछ कर सकती थी, लेकिन दुर्घटना ने सब कुछ छीन लिया। उन्होंने छोटी बेटी के पालन-पोषण के लिए नौकरी देने तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार गेटमैन को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को कर्णसुबर्ण में रेल फाटक पार करते समय एक स्कूली वाहन ट्रेन की चपेट में आ गई थी। इस दुर्घटना में चार बच्चों और एक साइकिल सवार की मृत्यु हो गई थी, जबकि दो घायल अब भी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का भी हालचाल जाना।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

