home page

तारकेश्वर : सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, दो घायल

 | 
तारकेश्वर : सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, दो घायल


हुगली, 03 अगस्त (हि. स.)। बाबा तारकनाथ को जल अर्पित करने जा रहे नंदीग्राम के एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान सूर्य माइती (18) के रूप में हुई है। वह नंदीग्राम के सोनाचूड़ा इलाके का रहने वाला था। इस हादसे में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को नंदीग्राम से एक दल इंजन चालित ट्रॉली वैन से श्योराफुली से गंगाजल लेकर तारकेश्वर के लिए रवाना हुआ था। धनियाखाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक स्थान पर पहुंचने के दौरान एक पिकअप वैन ने ट्रॉली वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सूर्य माइती, साउथखाली के निवासी संजय प्रधान और शांतनु भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को सूर्य माइती की मौत हो गई। वहीं, अन्य दो घायलों का इलाज अभी भी जारी है।

घटना की जानकारी पाकर पुरशुड़ा के विधायक विमान घोष, आरामबाग के विधायक हेमंत बाग सहित भाजपा के कई नेता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और मृत युवक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस घटना के बाद नंदीग्राम इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय