home page

कांकसा के स्टील कारखाने में विस्फोट, चार श्रमिक घायल

 | 

पश्चिम बर्धमान, 22 मई (हि. स.)। कांकसा के बामुनाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी इस्पात कारखाने में शुक्रवार को हुए विस्फोट में चार ठेका श्रमिक घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

श्रमिकों के अनुसार, कारखाने के एक फर्नेस में अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। उस समय चारों श्रमिक वहीं काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद आग की लपटें और गर्म सामग्री उनकी ओर आ गिरी, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।

कारखाना सूत्रों ने बताया कि रोज की तरह कई ठेका श्रमिक फर्नेस के पास काम कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज सुनते ही अन्य कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल श्रमिकों को राजबांध स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

फिलहाल सभी घायल श्रमिक डॉक्टरों की निगरानी में हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय