home page

भारी बारिश का पूर्वानुमान, मुकुटमणिपुर जलाशय का लाकगेट खोला गया

 | 
भारी बारिश का पूर्वानुमान, मुकुटमणिपुर जलाशय का लाकगेट खोला गया


बांकुड़ा, 18 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण बंगाल में भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर एहतियाती कदम के तौर पर मुकुटमणिपुर स्थित कंसावती जलाशय का लाकगेट इस मौसम में पहली बार खोला गया है। सोमवार देर शाम से जलाशय के तीन गेटों के माध्यम से प्रति सेकेंड पांच हजार क्यूसेक की दर से पानी छोड़ा जा रहा है।

लगातार हो रही बारिश के कारण कंसावती जलाशय का जलस्तर सोमवार दोपहर तक बढ़कर करीब 430 फुट पहुंच गया था। जलाशय की अधिकतम जलधारण क्षमता करीब 434 फुट है। जलस्तर लगातार बढ़ने तथा कंसावती और कुमारी नदियों के माध्यम से जलाशय में अतिरिक्त पानी आने की आशंका को देखते हुए सिंचाई विभाग ने पहले से ही पानी छोड़ने का निर्णय लिया।

सिंचाई विभाग की ओर से बांकुड़ा के निचले जलग्रहण क्षेत्र और पश्चिम मेदिनीपुर जिला प्रशासन को भी स्थिति के बारे में सतर्क किया गया है। प्रशासन को जलाशय से पानी छोड़े जाने की जानकारी देते हुए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है।

हालांकि, सिंचाई विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जिस मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, उससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की कोई आशंका नहीं है। जलाशय के जलस्तर और आने वाले पानी पर लगातार नजर रखी जा रही है।

दक्षिण बंगाल में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए जलाशय से पहले ही नियंत्रित मात्रा में पानी छोड़े जाने को एहतियाती कदम माना जा रहा है। इसका उद्देश्य जलाशय में अत्यधिक जलभराव की स्थिति बनने से पहले जलस्तर को नियंत्रित रखना है।

सिंचाई विभाग के अनुसार, वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, आने वाले दिनों में बारिश की मात्रा और कंसावती तथा कुमारी नदियों में जलप्रवाह को देखते हुए आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता