शराब की दुकान पर कमल के निशान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
आसनसोल, 29 सितंबर (हि. स.)। आसनसोल के फतेहपुर इलाके में स्थित कमल होटल एवं शराब की दुकान में लगे कमल के फूल के निशान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि दुकान पर लगाया गया कमल का निशान भाजपा पार्टी के चुनाव चिन्ह से मिलता-जुलता है। शराब की दुकान में इस तरह के निशान के इस्तेमाल पर उन्होंने आपत्ति जतायी।
मंगलवार को भाजपा के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और होटल के प्रबंधन से इस संबंध में बातचीत की। मौके पर मौजूद भाजपा नेता ने होटल के मैनेजर और मालिक से कहा कि कमल भाजपा का चुनाव चिन्ह है और इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं की पहचान जुड़ी हुई है। ऐसे में शराब की दुकान या होटल के परिसर में भाजपा के चुनाव चिन्ह से मिलता-जुलता लोगो इस्तेमाल किये जाने पर आपत्ति है।
भाजपा नेता ने कहा कि किसी होटल या रेस्तरां का नाम ‘कमल’ रखना अलग विषय है, लेकिन जिस तरह का कमल का लोगो लगाया गया है, वह भाजपा के चुनाव चिन्ह से मिलता है। इसलिए इसे शराब की दुकान पर प्रदर्शित नहीं किया जाना चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने होटल प्रबंधन के साथ शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत की और किसी तरह की बदसलूकी नहीं की गयी। कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही होटल प्रबंधन से लोगो को ढकने को कहा। इसके बाद कथित तौर पर लोगो को ढक दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने होटल मालिक को रात 10 बजे तक लोगो को पूरी तरह हटाने का चेताया दिया। उनका कहना है कि निर्धारित समय तक लोगो नहीं हटाया गया, तो पुलिस-प्रशासन की मदद से इसे हटाने की कार्रवाई की जायेगी।
इधर, कमल होटल के मैनेजर ने कहा कि उनके रेस्तरां का नाम कमल है इसलिए कमल के फूल का निशान लगाया गया है लेकिन उनको इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह एक पार्टी का आधिकारिक निशान है इसलिए उन्होंने मालिक से इस मुद्दे को लेकर बात की मालिक ने आश्वासन दिया हुआ है कि इस निशान को जितनी जल्दी हो सके हटा दिया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

