कल्याणी में रोजगार मेला और जूट मिल श्रमिकों के लिए विशेष भर्ती शिविर का उद्घाटन
कोलकाता, 20 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम विभाग एवं परिवहन विभाग के प्रभारी मंत्री अर्जुन सिंह ने गुरुवार को कल्याणी महाविद्यालय में रोजगार मेला और जूट मिल श्रमिकों के लिए विशेष भर्ती शिविर-2026 का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम विभाग की ओर से किया गया। इसका उद्देश्य रोजगार के इच्छुक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा निजी क्षेत्र में भर्ती को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में कल्याणी के विधायक अनूपम विश्वास और बिजपुर के विधायक सुदीप्त दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रोजगार एवं विशेष सचिव, श्रम विभाग स्वरूप कुमार मलिक, कल्याणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रुनु दास तथा रोजगार निदेशालय के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
जूट मिल श्रमिकों के लिए आयोजित विशेष भर्ती शिविर में करीब 100 रोजगार इच्छुक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। हुकुमचंद जूट मिल के प्रबंधन की ओर से आयोजित इस भर्ती शिविर के माध्यम से जूट उद्योग में रोजगार पाने के इच्छुक लोगों को अवसर उपलब्ध कराया गया।
इसके साथ ही रोजगार मेले में करीब 500 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों की करीब 14 निजी संस्थाओं ने इसमें हिस्सा लिया। इनमें एलएंडटी, एसआईएस लिमिटेड, मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड, एलएंडटी फाइनेंस लिमिटेड, डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन, एसएंडआईबी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, ओएस कॉर्प लिमिटेड, सीआईएसएस सर्विसेज लिमिटेड और एम हाई एचआर सॉल्यूशन सहित अन्य संस्थाएं शामिल रहीं।
रोजगार मेले में सुरक्षा सेवा, वित्त, परिवहन एवं भंडारण, निर्माण, विनिर्माण और अन्य सेवा क्षेत्रों से जुड़ी संस्थाओं ने भाग लिया। इससे रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के विकल्प उपलब्ध हुए।
सूत्रों के अनुसार, कुल मिलाकर करीब 600 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। लगभग 350 अभ्यर्थियों के प्रारंभिक रूप से चयनित होने की संभावना है, जबकि करीब 200 चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित नियोक्ताओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति पत्र मिलने की उम्मीद है।
यह आयोजन राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल में रोजगार निदेशालय और श्रम विभाग की ओर से रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसके माध्यम से रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को संभावित नियोक्ताओं से सीधे संपर्क करने और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त करने का मंच उपलब्ध कराया गया। अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया।
श्रम विभाग ने राज्य के युवाओं और रोजगार के इच्छुक लोगों के लिए रोजगार सुविधा सेवाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। विभाग की ओर से राज्यभर में नियमित रोजगार मेलों, भर्ती शिविरों और रोजगार केंद्रित अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

