home page

बिहार-यूपी वालों पर कल्याण बनर्जी के बयान से तृणमूल के हिंदीभाषी नेताओं में आक्रोश

 | 
बिहार-यूपी वालों पर कल्याण बनर्जी के बयान से तृणमूल के हिंदीभाषी नेताओं में आक्रोश


हुगली, 14 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में रहने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों को लेकर कल्याण बनर्जी द्वारा हाल ही में दिए गए विवादास्पद बयान को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। भाजपा ने बुधवार को ही साफ कर दिया था कि हार के बौखलाहट में तृणमूल सांसद अनर्गल बयानबाजी कर रहें हैं। गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के हिंदीभाषी नेताओं ने भी कल्याण बनर्जी के बयान की आलोचना की।

चांपदानी नगरपालिका के चेयरमैन और हुगली जिले के कद्दावर हिंदीभाषी नेता सुरेश मिश्रा ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि वे सांसद के बयान से आहत हैं। कल्याण बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मिश्रा ने कहा, क्रिमिनल का कोई जाति धर्म नहीं होता है। समाज विरोधी कहीं का भी हो वो समाजविरोधी होता है। उत्तर प्रदेश और बिहार से आए सभी लोगों को एक ही चश्मे से देखना ठीक नहीं है। मेरी जड़ें खुद उत्तर प्रदेश से जुड़ी हुई हैं। मेरे दादाजी यहां आए थे। मेरा जन्म यहां हुआ है। लेकिन सांसद के इस बयान से मैं बेहद आहत हूं।

वहीं कल्याण बनर्जी के बिहार यूपी के लोगों पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में कई नेताओं ने कल्याण बनर्जी के तस्वीर को अपने कार्यालय से हटा दिया है।

उल्लेखनीय है कि श्रीरामपुर के तृणमूल सांसद काल्याण बनर्जी ने हाल ही में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यूपी बिहार के लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद से ही उनकी चौतरफा आलोचना हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय