कालियागंज में कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा झंडे को लेकर भारी तनाव
उत्तर दिनाजपुर, 16 अप्रैल (हि. स.)। कांग्रेस कार्यालय में भाजपा का झंडा लगाए जाने को लेकर गुरुवार सुबह उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज में तनाव फैल गया। आरोप है कि रात के अंधेरे में कालियागंज शहर के तालतला स्थित कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा का झंडा लगा दिया गया। गुरुवार सुबह कार्यालय के सामने कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। भाजपा का झंडा हटाने के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
घटनास्थल पर केंद्रीय बल और पुलिस पहुंची। घटना के विरोध में कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा उनके पार्टी कार्यालय पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है।
वहीं, भाजपा के स्थानीय नेतृत्व का कहना है कि रात के अंधेरे में किसी ने कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा का झंडा लगा दिया। उसे हटाने के दौरान कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

