सिंगुर के रघु डाकू की कालीपूजा में इस बार खास आयोजन, विधायक अरूप कुमार दास ने की बड़ी घोषणा
हुगली, 07 नवंबर (हि.स.)। हुगली जिले की प्राचीन और ऐतिहासिक कालीपूजाओं में शामिल सिंगुर की प्रसिद्ध रघु डाकू की कालीपूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है। सैकड़ों साल पुरानी इस पूजा को लेकर हर साल बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचते हैं। आगामी श्यामा पूजा के अवसर पर इस बार भी डाकू काली मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर सूत्रों के अनुसार, आठ नवंबर से 11 नवंबर तक चार दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना होगी। इस दौरान मां काली की विशेष पूजा, हवन-यज्ञ के साथ नर-नारायण सेवा का भी आयोजन किया जाएगा। दूर-दराज के इलाकों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पूजा को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
इस बार मंदिर की पूजा को लेकर बदलाव के संकेत भी मिले हैं। शनिवार को सिंगुर के विधायक अरूप कुमार दास मंदिर पहुंचे। उन्होंने मां काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में पूजा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान विधायक ने आने वाले दिनों में मंदिर और पूजा को लेकर एक बड़ी घोषणा भी की। उनके इस ऐलान के बाद मंदिर से जुड़े नए बदलावों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, प्रस्तावित बदलावों का विस्तृत विवरण अभी सामने नहीं आया है।
इतिहास, लोकविश्वास और धार्मिक आस्था से जुड़ी सिंगुर की रघु डाकू की कालीपूजा आज भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। इस बार भी श्यामा पूजा के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की
उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

