home page

कालीघाट मंदिर में एन एसजी की रेकनैसां अभ्यास किया गया

 | 
कालीघाट मंदिर में एन एसजी की रेकनैसां अभ्यास किया गया


कोलकाता, 24 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की ओर से विशेष रेकनैसां अभियान चलाया जा रहा है। वाइटल इंस्टॉलेशन की चल रही ऑपरेशनल रेकनैसां प्रक्रिया के तहत एनएसजी मुख्यालय के निर्देश पर 29 एसजीसी, एनएसजी की एक विशेष टीम 24 से 27 अगस्त 2026 तक कालीघाट मंदिर में रेकनैसां करेगी।

जानकारी के अनुसार, इस अभियान के लिए एनएसजी की एक विशेष रेकनैसां टीम गठित की गई है। टीम में एक अधिकारी, दो असिस्टेंट कमांडर और 10 कमांडो शामिल हैं। यह टीम 24 अगस्त को सुबह करीब 9:30 बजे कालीघाट मंदिर परिसर में पहुंचेगी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लेगी।

इस दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास व्यवस्था, आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों तथा संभावित सुरक्षा चुनौतियों का ऑपरेशनल आकलन किया जाएगा। रेकनैसां का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों को बेहतर बनाना है।

इस पूरी प्रक्रिया में कोलकाता पुलिस के साथ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और कोलकाता कमांडो यूनिट भी शामिल रहेंगी। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय के जरिए मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा।

कालीघाट मंदिर कोलकाता के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है और यहां पूरे वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रेकनैसां अभियान के मद्देनजर मीडिया कवरेज और फोटोग्राफिक डॉक्यूमेंटेशन के लिए मीडिया संस्थानों से एक-एक प्रतिनिधि नामित करने का अनुरोध किया गया है। 24 से 27 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के दौरान एनएसजी और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां मिलकर मंदिर की सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत आकलन करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा