home page

कालीघाट में ममता बनर्जी के आवास के बाहर ‘जय श्री राम’ के नारे, सुरक्षा कड़ी

 | 
कालीघाट में ममता बनर्जी के आवास के बाहर ‘जय श्री राम’ के नारे, सुरक्षा कड़ी


कोलकाता, 09 मई (हि. स.)। कोलकाता में मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण के बाद राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया। पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने और शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ समर्थकों ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

रिपोर्ट के अनुसार, शपथ समारोह खत्म होते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंच गए और “जय श्री राम” के नारे लगाने लगे। कुछ लोग आवास के मुख्य द्वार के पास भी इकट्ठा हो गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

हालात को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते बाद में वहां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

अधिकारियों के अनुसार, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता