home page

कालीघाट मामले की जांच करेगी लालबाजार की खुफिया शाखा

 | 

कोलकाता, 10 नवंबर (हि.स.)। कोलकाता के कालीघाट में हुए हंगामे और पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले की जांच अब लालबाजार की खुफिया शाखा करेगी। कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग को जांच की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। इस मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपित फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। मंगलवार सुबह पुलिस उन्हें घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया।

उल्लेखनीय है कि अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन समारोह को लेकर पिछले शुक्रवार रात कालीघाट में कई बार तनाव की स्थिति बनी थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ कहासुनी, धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति पैदा हो गई थी। स्थिति को संभालने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप है।

शुक्रवार रात की इस घटना और अव्यवस्था को लेकर कालीघाट थाने में कुल चार मामले दर्ज किए गए थे। इनमें दो मामले पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेकर दर्ज किए थे। एक मामला गुड़िया हरी नामक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया। महिला ने अभिषेक बनर्जी सहित 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत की थी। इसके अलावा अभिषेक बनर्जी ने भी 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के आधार पर भी पुलिस ने एक मामला दर्ज किया था।

इस घटना में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान मोहम्मद तौकीर आलम, मोहम्मद इरशाद और श्रीदीप दास के रूप में हुई है। कालीघाट तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि तीनों उसके खेमे के लोग हैं। गिरफ्तार लोगों में श्रीदीप को पुलिस के स्वतः संज्ञान वाले मामले में गिरफ्तार किया गया है। अभिषेक बनर्जी की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पिछले रविवार को गिरफ्तार तीनों आरोपितों को अलीपुर अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उन्हें आठ दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार सुबह तीनों आरोपितों को घटनास्थल पर ले जाया गया। इस दौरान इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता