नदिया के कालीगंज हत्याकांड में तीन और गिरफ्तारी, पुलिस कार्रवाई तेज
कोलकाता, 25 जून (हि. स.)। नदिया जिले के कालीगंज में पिछले वर्ष नाबालिग लड़की तमन्ना खातून की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार सुबह पश्चिम बंगाल पुलिस ने बताया कि बुधवार रात से अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इस मामले में कुल गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कुल पांच गिरफ्तारियां हुई हैं। मंगलवार रात दो फरार आरोपित साबिर शेख और जियारुल शेख को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद बुधवार रात से गुरुवार सुबह के बीच तीन अन्य फरार आरोपित इस्माइल शेख, हाफिजुल शेख और मिनारुल शेख को भी दबोच लिया गया।
राज्य पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इन तीनों आरोपितों को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है। तमन्ना हत्याकांड की जांच शुरू होने के बाद ये सभी वहां फरार होकर छिपे हुए थे। पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर इन्हें कोलकाता ला रही है और बाद में नदिया जिला अदालत में पेश किया जाएगा। अभियोजन पक्ष इनकी पुलिस हिरासत की मांग करेगा।
उल्लेखनीय है कि नदिया जिले के कालीगंज की रहने वाली तमन्ना खातून, जिनका परिवार माकपा समर्थक माना जाता है, की 23 जून 2025 को बम विस्फोट में मौत हो गई थी। उसी दिन कालीगंज विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित हुए थे, जिसमें तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार अलीफा अहमद ने भारी जीत दर्ज की थी।
आरोप है कि जीत के जुलूस के दौरान तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने तमन्ना के घर पर देशी बम फेंके थे, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी।
तमन्ना की मां सबीना इयासमीन शेख ने हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में माकपा उम्मीदवार के रूप में कालीगंज से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें तृणमूल कांग्रेस की अलीफा अहमद ने पराजित किया। अलीफा लगातार दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं।
इसी बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार शाम तमन्ना की मां से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 24 घंटे में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

