मतदाता सूची से नाम कटने को लेकर कालियाचक में तृणमूल का धरना
मालदा, 01 अप्रैल (हि.स.)। मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर बुधवार सुबह से मालदा जिले के विभिन्न इलाकों में अवरोध और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। इसी क्रम में दोपहर के समय कालियाचक-एक बीडीओ कार्यालय के सामने सुजापुर विधानसभा क्षेत्र की तृणमूल प्रत्याशी सबीना यास्मीन धरने पर बैठ गईं।
उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक स्तर के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे। सबीना यासमीन ने कहा कि “पहले मतदाता, उसके बाद मतदान” की मांग को लेकर ही वे लोग आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही तृणमूल सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रही है। सुजापुर विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों में वैध मतदाताओं के नाम अनैतिक तरीके से मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कालियाचक-1 ब्लॉक कार्यालय के सामने किया गया यह विरोध प्रदर्शन केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बंगाल के प्रत्येक नागरिक के मतदान अधिकार को बचाने की लड़ाई है। भाजपा की साजिश के खिलाफ हम सब एकजुट हैं और लोगों के साथ खड़े हैं। बंगाल कभी सिर नहीं झुकाता और न ही झुकाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

