दुर्गापुर चोरी कांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश
कोलकाता, 20 मई (हि. स.)। दुर्गापुर के कंकसा थाना क्षेत्र में एक चर्चित चोरी कांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपित को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अपने परिचित के घर से नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने के आभूषण चोरी कर दुबई फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उसकी योजना को नाकाम कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, 13 मई को कंकसा के बामुनारा इलाके की एक महिला ने मालदिघी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से बड़ी मात्रा में नकदी, डॉलर और सोने के गहने चोरी हो गए हैं। घटना के समय घर बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मालदिघी चौकी प्रभारी राजेश भट्टाचार्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां सामने आईं। पहचान होने पर पता चला कि आरोपित झारखंड के झरिया का रहने वाला गोपी मोदी है, जो पीड़ित परिवार के परिचितों में शामिल था और घर की पूरी जानकारी रखता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित ने पहले से योजना बनाकर घर के खाली होने का इंतजार किया और मौके का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी सहायता से उसके मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया, जिससे पता चला कि वह देश छोड़कर दुबई भागने की तैयारी कर रहा है।
सूचना पाकर दुर्गापुर पुलिस की टीम कोलकाता एयरपोर्ट पहुंची और सतर्क निगरानी के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे दुर्गापुर लाया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित के पास से चोरी की नकदी, विदेशी डॉलर और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब बरामद सामान की जांच कर रही है और पीड़ित परिवार से उसकी पहचान कराई जाएगी। साथ ही इस मामले में किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिचितों द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम देना सामाजिक विश्वास के लिए गंभीर खतरा है।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

