home page

कबीर सुमन ने विधायक पापिया अधिकारी के काम सराहा

 | 

कोलकाता, 02 अक्टूबर (हि. स.)। संगीतकार एवं पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद कबीर सुमन ने पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार और टॉलीगंज की विधायक पापिया अधिकारी के काम की प्रशंसा की है। सुमन ने कहा कि नई सरकार काम कर रही है और इलाकों की समस्याओं पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अब कचरा जमा नहीं रहता और लोगों को पानी तथा बिजली की सुविधा मिल रही है।

सुमन ने समाज माध्यम पर जारी एक वीडियो संदेश में बताया कि हाल में उनके इलाके में एक समस्या हुई थी। वह कोलकाता नगर निगम के 100 नंबर वार्ड के निवासी हैं। उनके घर के पास एक बड़ा पेड़ था, जिसकी शाखाएं काफी ऊंची थीं। समय पर पेड़ की छंटाई नहीं होने पर आंधी और बारिश के दौरान उसके बिजली के तारों पर गिरने का खतरा था।

सुमन ने बताया कि स्थानीय पार्षद से संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद उन्होंने एक परिचित से टॉलीगंज की विधायक पापिया अधिकारी का फोन नंबर लिया और उन्हें वाट्सऐप पर समस्या की जानकारी दी। विधायक ने बिना किसी पूर्व परिचय के उनकी समस्या पर तुरंत ध्यान दिया और एक दिन के भीतर पेड़ की छंटाई की व्यवस्था कर दी। पेड़ की काटी गई शाखाओं और पत्तियों को भी वहां से हटा दिया गया।

सुमन ने बताया कि उनके इलाके की सड़क की बत्ती भी खराब थी। उसे भी रातों-रात ठीक करा दिया गया। उन्होंने कहा कि विधायक और उनके सहयोगियों ने समस्या को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई की।

सुमन ने वीडियो संदेश में कहा कि नई सरकार काम कर रही है और मोहल्लों पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर कचरा जमा नहीं हो रहा है और पानी तथा बिजली की सुविधा मिल रही है। उन्होंने इसके लिए भाजपा नेताओं और विधायक पापिया अधिकारी की सराहना की।

पापिया अधिकारी ने सुमन का वीडियो अपने समाज माध्यम पेज पर साझा करते हुए लिखा कि इसी कारण सरकार बदली है और भाजपा सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि वे लोगों के साथ और उनकी सेवा में हैं।

उल्लेखनीय है कि सुमन तृणमूल कांग्रेस के दौर में पार्टी की प्रमुख नेता ममता बनर्जी के करीबी माने जाते थे। वर्ष 2009 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जादवपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। वह कई मौकों पर भाजपा की सार्वजनिक रूप से आलोचना भी कर चुके हैं। अब सरकार बदलने के बाद स्थानीय स्तर पर मिली सेवा को लेकर उनके द्वारा भाजपा सरकार और विधायक के काम की प्रशंसा की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता