बंद जूट मिलों को फिर से शुरू करने की दिशा में बढ़े कदम, श्रीरामपुर में हुई अहम बैठक
हुगली, 05 जून (हि. स.)। श्रीरामपुर क्षेत्र की बंद पड़ी दो जूट मिलों को पुनः चालू करने को लेकर शुक्रवार को श्रीरामपुर महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पश्चिम बंगाल सरकार के राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, जूट मिल प्रबंधन के प्रतिनिधि, एसडीओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत करते हुए मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने बताया कि यह एक प्रशासनिक बैठक थी, जिसमें क्षेत्र की बंद पड़ी दो जूट मिलों को दोबारा शुरू करने की संभावनाओं और आवश्यक प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि बैठक में जूट मिल प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक विचार-विमर्श हुआ है। राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से मिल प्रबंधन से आवश्यक जानकारियां और दस्तावेज मांगे गए हैं, जिन्हें सोमवार तक महकमा प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है।
मंत्री ने कहा कि प्राप्त जानकारियों का परीक्षण करने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आशा जताई कि सभी पक्षों के सहयोग से क्षेत्र की बंद पड़ी जूट मिलों को जल्द ही फिर से शुरू किया जा सकेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और श्रमिकों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

