चांपाडांगा में जूट की खेती से कार्बन क्रेडिट उत्पादन की पायलट परियोजना का शुभारंभ, मंत्री दिलीप घोष रहे उपस्थित
हुगली, 09 जुलाई (हि. स.)। हुगली जिले के चांपाडांगा में जूट फाउंडेशन के तत्वावधान में तथा शक्तिगढ़ टेक्सटाइल एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सहयोग से गुरुवार को जूट की खेती से कार्बन क्रेडिट उत्पादन की पायलट परियोजना के शुभारंभ के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण-अनुकूल कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना तथा जूट की खेती के माध्यम से कार्बन अवशोषण की क्षमता का उपयोग कर किसानों के लिए आय का नया स्रोत विकसित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि विपणन तथा पशुपालन एवं पशु संसाधन विकास मंत्री दिलीप घोष उपस्थित रहे। इस अवसर पर तारकेश्वर के विधायक संतु पान, परियोजना से जुड़े किसान, जूट फाउंडेशन के प्रतिनिधि, शक्तिगढ़ टेक्सटाइल एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अधिकारी तथा अन्य संबंधित हितधारक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि जूट एक प्राकृतिक और पर्यावरण-अनुकूल रेशा है। इसकी खेती के दौरान वातावरण से बड़ी मात्रा में कार्बनडाइ ऑक्साइड का अवशोषण होता है, जिससे कार्बन क्रेडिट उत्पन्न करने की संभावना बनती है। यदि यह पायलट परियोजना सफल रहती है, तो भविष्य में इसे राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी विस्तारित किया जाएगा, जिससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त हो सके।
मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नवाचार आधारित कृषि परियोजनाओं को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक और पर्यावरण-अनुकूल खेती के समन्वय से किसानों को अधिक आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने किसानों के साथ संवाद किया और परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

