home page

बांकुड़ा और पुरुलिया में पर्यावरण अनुकूल उद्योग लगाने की योजना, स्वेच्छा से जमीन बेचने वालों से खरीदेगी सरकार

 | 
बांकुड़ा और पुरुलिया में पर्यावरण अनुकूल उद्योग लगाने की योजना, स्वेच्छा से जमीन बेचने वालों से खरीदेगी सरकार


बांकुड़ा, 12 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जंगलमहल क्षेत्र के विकास के लिए बांकुड़ा और पुरुलिया में पर्यावरण अनुकूल उद्योग स्थापित करने की योजना की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उद्योग लगाने के लिए जो लोग स्वेच्छा से अपनी जमीन बेचना चाहते हैं, सरकार उनसे जमीन खरीदेगी। इसके बाद वहां आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित कर उद्योग लगाने का रास्ता तैयार किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य जंगलमहल के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने से रोकना है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को बांकुड़ा जिले के रायपुर स्थित बिरसा मुंडा मेमोरियल कॉलेज के मैदान में आयोजित जनजातीय समुदाय के बांदना पर्व कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसी भी पहाड़ या जंगल को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नदियों, जल और जंगलों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। प्रकृति हमारी मां है और हम उसकी पूजा करते हैं। उन्होंने अवैध बालू खदानों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बालू की कीमतों में वृद्धि रोकने के लिए खदानों को नियमों के दायरे में लाया जाएगा।

जंगलमहल के विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस की सरकारों पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के कार्यकाल में स्थानीय लोगों और जनजातीय समुदायों को उनका अधिकार नहीं मिला। वर्तमान सरकार ने विकास कार्यों के लिए बजट बढ़ाया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बांकुड़ा जिले के 18 लाख से अधिक लोग आयुष्मान भारत योजना के दायरे में आ चुके हैं।

उन्होंने आवास योजना के तहत दो लाख 95 हजार 82 अतिरिक्त मकानों के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सात लाख लाभार्थियों के खातों में आवास योजना की दूसरी किस्त की राशि भेजी जाएगी।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में अब तक 11 हजार लोगों को नौकरी दी गई है। अगले एक वर्ष के भीतर एक लाख रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने राज्य से तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आपका मित्र और परिवार का सदस्य हूं। वादा करता हूं कि जंगलमहल के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय संस्कृति की पहचान और सामाजिक एकता पर भी जोर दिया। उन्होंने मतुआ, कुड़मी, आदिवासी सहित विभिन्न समुदायों और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने सामाजिक संगठनों के बीच विभाजन पैदा कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। वर्तमान सरकार सभी समुदायों को साथ लेकर चलना चाहती है।

बांदना पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कुड़मी, संथाल, मुंडा, शबर सहित जंगलमहल के विभिन्न जनजातीय समुदायों की परंपराओं और संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई।

जनजातीय शिक्षा के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री ने बांकुड़ा में भी एक जनजातीय विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि झाड़ग्राम के साथ बांकुड़ा में भी ऐसा विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। इससे जनजातीय युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भाजपा की नहीं, बल्कि जनता की सरकार है। लोगों को अपने अधिकार प्राप्त करने चाहिए। उन्होंने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने का भी आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता