home page

पूजा सीजन में पर्यटकों को तोहफा, दार्जिलिंग टॉय ट्रेन की छह अतिरिक्त जॉय राइड शुरू करने की तैयारी

 | 

सिलीगुड़ी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान पहाड़ों पर पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) ने छह अतिरिक्त जॉय राइड चलाने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को टॉय ट्रेन से पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद लेने का अधिक अवसर देना और टिकटों की उपलब्धता को बेहतर बनाना है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि नई सेवाओं के तहत दार्जिलिंग और घूम स्टेशन के बीच डीजल इंजन से संचालित चार राउंड ट्रिप जॉय राइड चलाने की योजना है। इसके लिए प्रस्तावित किराया आठ सौ रुपये रखा गया है।

वहीं, कर्सियांग और महानदी के बीच दो विशेष राउंड ट्रिप शुरू किए जाएंगे। इनमें पहली स्टीम इंजन संचालित जॉय राइड ‘रेड पांडा’ सुबह नौ बजे कर्सियांग से रवाना होकर सुबह दस बजे महानदी से वापसी करेगी। इसका किराया 1,530 रुपये निर्धारित किया गया है।

दूसरी ओर, डीजल इंजन से संचालित ‘मुक्त धारा’ जॉय राइड दोपहर 3:15 बजे कर्सियांग से रवाना होगी और शाम चार बजे महानदी से वापसी करेगी। इसका किराया 1,030 रुपये होगा।

इधर, अतिरिक्त जॉय राइड के संचालन के साथ रेलवे ने ट्रेन चालकों की कमी दूर करने की दिशा में भी कदम उठाया है। वर्तमान में टॉय ट्रेन की विभिन्न सेवाओं, सात जॉय राइड और जंगल सफारी सहित अन्य परिचालन की जिम्मेदारी 70 चालक संभाल रहे हैं।

रेलवे के अनुसार, एक डीजल इंजन संचालित जॉय राइड के लिए दो चालकों, जबकि स्टीम इंजन संचालित जॉय राइड के लिए चार चालकों की आवश्यकता होती है। ऐसे में कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े, इसके लिए कम से कम 15 नए चालकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।

डीएचआर के निदेशक ऋषभ चौधरी ने बताया कि नए चालकों की भर्ती प्रक्रिया अगले एक से डेढ़ महीने में पूरी होने की उम्मीद है। अतिरिक्त जॉय राइड और नए चालकों की नियुक्ति से पूजा के दौरान पहाड़ी पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार