टीबी मुक्त हुगली के संकल्प के साथ ‘जोश’ कैडेट्स ने चलाया जागरूकता अभियान
| Nov 4, 2026, 19:05 IST
हुगली, 04 नवंबर (हि. स.)। जिले को तपेदिक (टीबी) मुक्त बनाने के उद्देश्य से बैंडेल महात्मा गांधी हिंदी विद्यालय की ‘जोश’ (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीम के कैडेट्स ने बुधवार को जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान कैडेट्स ने चुचुड़ा के प्रियनगर स्थित भगवती डांगा स्वास्थ्य केंद्र के आसपास के इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान कैडेट्स ने लोगों को टीबी के प्रमुख लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच एवं उपचार के महत्व की जानकारी दी। इसके साथ ही स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा जनहितकारी अभियानों के बारे में भी लोगों को बताया।
स्थानीय लोगों ने कैडेट्स के इस अभियान की खूब प्रशंसा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

