'जॉब कार्ड धारकों को सालाना मिलेंगे 34 हजार 500 रुपये', मुख्यमंत्री का किसानों के लिए बिजली सब्सिडी और एमएसपी पर बड़ा ऐलान
कोलकाता, 25 सितंबर (हि. स.)। आगामी दुर्गा पूजा से पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के किसानों और जॉब कार्ड धारकों के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया है। शुक्रवार को पूर्व बर्दवान जिले में आयोजित एक प्रशासनिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं कीं, जिनमें किसानों को बिजली बिल में भारी छूट और पीएम किसान सम्मान निधि की राशि में बढ़ोतरी शामिल है।
बर्दवान दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री ने सर्वमंगला मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की और उसके बाद प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के मंच से उन्होंने किसानों के लिए राहत का ऐलान करते हुए कहा कि सरकार लगभग चार लाख किसानों को बिजली पर प्रति यूनिट दो रुपये की सब्सिडी देगी। इससे किसानों को सालाना 25 से 30 हजार रुपये तक की छूट का लाभ मिलेगा।
किसानों के हित में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इसी साल से 'पीएम किसान सम्मान निधि' योजना के तहत मिलने वाली छह हजार रुपये की राशि को बढ़ाकर नौ हजार रुपये कर दिया जाएगा। इसके अलावा, जिले के धान किसानों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से सारा धान खरीदेगी और इसके लिए दो हजार 700 रुपये का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जाएगा। उन्होंने मंच से सख्त लहजे में चेतावनी दी कि राज्य में अब बिचौलियों और दलालों का राज बिल्कुल नहीं चलेगा।
ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 'वीबी-जी राम जी' परियोजना का जिक्र करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अब जॉब कार्ड धारकों को 100 दिन के बजाय 125 दिन का काम मिल रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि हर किसी को 125 दिन का काम मिले और प्रत्येक जॉब कार्ड धारक को सालाना 34 हजार 500 रुपये दिए जाएंगे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछले पांच महीनों में राज्य में आए औद्योगिक निवेश का भी विस्तृत ब्योरा पेश किया। उन्होंने बताया कि डानकुनी में लक्स कोज़ी 60 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जिसके कारखाने का भूमिपूजन संपन्न हो चुका है। वहीं, सांकराइल में अमूल 700 करोड़ रुपये के निवेश से मिष्टी दोई (मीठी दही) बनाने का कारखाना लगा रहा है। मेजिया में एक नए स्टील कारखाने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जबकि रघुनाथपुर में अमित मेटैलिक पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से नया कारखाना स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि बीते बुधवार को ही न्यू टाउन के मिलन मेला में 33 नए कारखानों को जमीन आवंटित की गई है। कुल 60 हजार करोड़ रुपये के इस निवेश से 62 हजार नई नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मुकेश अंबानी भी राज्य में पांच अलग-अलग सेक्टरों में निवेश करने जा रहे हैं। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति को दोहराते हुए कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि अगर कोई भ्रष्टाचार करेगा, तो उसे सीधे जेल जाना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

