जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज में मरीज की मौत पर हंगामा, चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप
जलपाईगुड़ी, 04 अगस्त (हि. स.)। जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद गलत इलाज के आरोप को लेकर मंगलवार को हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उनकी मौत हुई। मृतक की पहचान भोगेल दास के रूप में हुई है। वह मयनागुड़ी के जोड़पाकड़ी इलाके के निवासी थे।
परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम घर के पास भोगेल दास को शरीर के विभिन्न हिस्सों में बोलता (ततैया) ने डंक मार दिया था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक के पुत्र चिरंजीत दास का दावा है कि अस्पताल में भर्ती के समय उनके पिता की हालत अपेक्षाकृत स्थिर थी और वह सामान्य रूप से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह तक उनके पिता स्वयं चलकर शौचालय भी गए थे।
परिवार का आरोप है कि उनके शौचालय से लौटने के बाद एक चिकित्सक ने उन्हें एक इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई और थोड़ी ही देर में उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का कहना है कि गलत इंजेक्शन या गलत उपचार के कारण ही उनकी जान गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया।
मृतक के भांजे मानस दास, जो जलपाईगुड़ी के सांसद के वाहन चालक हैं, ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी सांसद को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी जा रही है तथा स्थानीय थाने में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच की मांग की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

