जीवनतला में भाजपा-आईएसएफ एवं माकपा कार्यकर्ताओं में झड़प, 40 घायल
दक्षिण 24 परगना, 05 सितंबर (हि. स.)। जिले के जीवनतला में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा को लेकर शनिवार को तनाव फैल गया। भाजपा, आईएसएफ और माकपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में दोनों पक्षों के कम से कम 40 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को स्थानीय खुटीतला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को इलाके में आईएसएफ और माकपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप भाजपा पर लगा था। इसके विरोध में शनिवार सुबह आईएसएफ और माकपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर इलाके में विरोध जुलूस निकाला। आरोप है कि जुलूस के दौरान भाजपा की ओर से अचानक हमला किया गया। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के साथ झड़प शुरू हो गई। एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने के साथ मारपीट के भी आरोप लगे हैं। वहीं, भाजपा ने आरोप लगाया कि उसके कार्यकर्ताओं पर पहले हमला किया गया था। भाजपा का दावा है कि उसके कार्यकर्ताओं ने आत्मरक्षा में इसका विरोध किया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। काफी देर तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
इस झड़प में घायल लोगों को तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बरकरार है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

