home page

केशियाड़ी के जंगल में मिला झाड़ग्राम के युवक का शव

 | 
केशियाड़ी के जंगल में मिला झाड़ग्राम के युवक का शव


खड़गपुर, 02 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियाड़ी प्रखंड के कुसुमपुर जंगल से सटे इलाके में मंगलवार देर रात झाड़ग्राम के एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दीपांकर दत्ता (30) के रूप में हुई है। वह झाड़ग्राम जिले के बेलियाबेड़ा थाना क्षेत्र के जहानपुर गांव का रहने वाला था। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपांकर मंगलवार रात अपनी मारुति ओमनी से केशियाड़ी के लिए निकला था। रास्ते में उसने परिवार के सदस्यों से वीडियो कॉल पर बातचीत भी की थी। इसके बाद कुसुमपुर जंगल से सटे सड़क किनारे उसकी गाड़ी खड़ी मिली। काफी देर तक दीपांकर से मोबाइल पर संपर्क नहीं होने पर परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वे उसकी गाड़ी के पास पहुंचे, जहां दीपांकर का शव पड़ा मिला। परिजनों ने तत्काल केशियाड़ी थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस रात करीब 12 बजे मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर थाने ले गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।

दीपांकर की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता