जलाशय में डूबने से दो युवकों की मौत
झाड़ग्राम, 04 अक्टूबर (हि. स.)। झाड़ग्राम के काशिया जंगल के पास एक जलाशय में स्नान करने के दौरान डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक झाड़ग्राम शहर के बाछुरडोबा और केकेआई इलाके के निवासी थे। घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तीन दोस्त रविवार को एक साथ काशिया जंगल के पास स्थित जलाशय में स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। कुछ देर बाद दोनों के शव जलाशय से बरामद किए गए।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि खतरनाक जलाशयों और जलप्रपातों में स्नान करने से बार-बार मना किया जाता है। इसके बावजूद कई लोग चेतावनी की अनदेखी कर वहां स्नान करने चले जाते हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे स्थानों पर प्रशासन की निगरानी और चेतावनी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले झाड़ग्राम के बेलपहाड़ी स्थित घाघरा जलप्रपात में भी एक महिला और उसका सात वर्षीय बेटा डूब गए थे। बच्चे को बचा लिया गया था, लेकिन उसकी मां प्रीति दत्ता तेज जलधारा में बह गई थीं। बाद में काफी तलाश के बाद उनका शव मिला।
दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर निवासी प्रीति दत्ता अपने पति राजीव दत्ता और सात वर्षीय बेटे के साथ घाघरा जलप्रपात घूमने आई थीं। घूमने के दौरान उनका बेटा अचानक पानी में गिर गया। बेटे को डूबता देख प्रीति ने भी पानी में छलांग लगा दी। वह तैरना नहीं जानती थीं। राजीव ने एक अन्य पर्यटक की मदद से बेटे को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज धारा में प्रीति बह गईं।
सूचना पाकर बेलपहाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों और गोताखोरों की मदद से काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया गया। बाद में एक चट्टान की दरार में प्रीति का शव दिखाई दिया, लेकिन अंधेरा होने और तेज जलधारा के कारण तत्काल शव बाहर नहीं निकाला जा सका था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

