home page

विस चुनाव 2026 : झाड़ग्राम में टीएमसी का आदिवासी दांव

 | 
विस चुनाव 2026 : झाड़ग्राम में टीएमसी का आदिवासी दांव


झाड़ग्राम, 18 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में आगामी चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने आदिवासी समाज को प्रमुखता देते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। जिले की चार विधानसभा सीटों में से तीन पर पार्टी ने आदिवासी उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।

टीएमसी ने झाड़ग्राम विधानसभा सीट से मंगला सोरेन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बिनपुर से बीरबाहा हांसदा और नयाग्राम से दुलाल मुर्मू को टिकट दिया गया है। खास बात यह है कि झाड़ग्राम विधानसभा की अनारक्षित सीट पर भी आदिवासी समाज से आने वाले मंगला सोरेन को उम्मीदवार बनाया गया है, जो नया चेहरा हैं।

चुनाव से ठीक पहले मंगला सोरेन ने साधु रामचंद्र मुर्मू विश्वविद्यालय के लॉ ऑफिसर के पद से इस्तीफा देकर टीएमसी का दामन थामा। पार्टी के भीतर भी आदिवासी प्रतिनिधित्व को लेकर सोशल मीडिया पर आवाज उठ रही थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।

पार्टी का दावा है कि आदिवासी समाज को उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व देना उनकी प्राथमिकता है। जिला अध्यक्ष दुलाल मुर्मू ने कहा कि राज्य में आदिवासी समुदाय को सबसे अधिक सम्मान दिया गया है और यह उम्मीदवारों की सूची इसका प्रमाण है।

वहीं, भाजपा ने भी झाड़ग्राम क्षेत्र में अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी ने बिनपुर और नयाग्राम की आरक्षित सीटों पर आदिवासी उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि झाड़ग्राम और गोपीबल्लभपुर सीटों पर सामान्य वर्ग के प्रत्याशी मैदान में हैं।

भाजपा नेताओं ने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले वर्षों में किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं और चुनाव के समय जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कुल मिलाकर, झाड़ग्राम जिले में इस बार आदिवासी मतदाताओं को साधने के लिए टीएमसी और भाजपा दोनों ही सक्रिय नजर आ रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता