घाघरा जलप्रपात में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए लगाए गए चेतावनी बोर्ड
झाड़ग्राम, 11 नवंबर (हि. स.)। दिसंबर में पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले झाड़ग्राम के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल घाघरा जलप्रपात में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। पिछले अक्टूबर में हुए हादसे में एक महिला पर्यटक की मौत के बाद जलप्रपात के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इसके साथ ही खतरनाक स्थानों को सुरक्षा टेप से घेर दिया गया है, ताकि पर्यटक उन क्षेत्रों में जाने से बचें।
होटल व्यवसायियों के अनुसार, दिसंबर के पर्यटन सीजन के लिए अभी से बुकिंग शुरू हो गई है। ऐसे में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है।
उल्लेखनीय है कि गत तीन अक्टूबर को घाघरा जलप्रपात में फिसलन भरी चट्टान पर पैर फिसलने से पानी में गिरे अपने बेटे को बचाने के प्रयास में बारुईपुर निवासी प्रीति दत्त की डूबने से मौत हो गई थी। इससे पहले भी इस जलप्रपात में दो लोगों की जान जा चुकी है। दिसंबर 2016 में केंद्रीय खुफिया एजेंसी के अधिकारी संकेत सिंह और अगस्त 2021 में बारुईपुर निवासी आठ वर्षीय समृद्ध दत्त की यहां गिरने से मौत हुई थी।
अक्टूबर की दुर्घटना के बाद पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे। इसके बाद घाघरा जलप्रपात के पास चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया। झाड़ग्राम वन विभाग के बेलपहाड़ी वनांचल की ओर से कुछ दिन पहले ये बोर्ड लगाए गए हैं। बोर्ड पर पर्यटकों को जलप्रपात के किनारे नहीं जाने, गीली और फिसलन भरी चट्टानों पर कदम नहीं रखने, प्रतिबंधित अथवा घेराबंदी वाले क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने और बच्चों पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
दुर्घटना के बाद बेलपहाड़ी थाने की ओर से अस्थायी रूप से जलप्रपात के खतरनाक हिस्सों की पहचान कर घेराबंदी की गई थी। इसके अलावा आसपास के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों को जागरूक करने के लिए सावधानी संबंधी पर्चे बांटे गए थे। अब स्थायी रूप से चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि इससे पर्यटक संभावित खतरों के प्रति जागरूक होंगे।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में घाघरा जलप्रपात में पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है। जलप्रपात के नीचे चट्टानों के बीच बड़े-बड़े गड्ढे हैं। ऐसे में पानी में गिरने पर व्यक्ति के चट्टानों के बीच फंसने और डूबने का खतरा रहता है।
पर्यटकों की सुरक्षा के लिए बेलपहाड़ी थाने की ओर से प्रतिदिन दो पालियों में दो-दो, यानी कुल चार सिविक वॉलंटियर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा विशेष अवसरों पर एक पुलिस अधिकारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाती है।
झाड़ग्राम टूरिज्म के सुमित दत्त ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि खतरनाक पर्यटन स्थलों की पहले से पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बिनपुर के भाजपा विधायक प्रणत टुडू ने कहा कि बेलपहाड़ी के पर्यटन विकास और सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए गए हैं। बाकी कार्य भी चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

