home page

पूर्व तृणमूल युवा मोर्चा नेता राजीव महतो ने थामा भाजपा का दामन

 | 
पूर्व तृणमूल युवा मोर्चा नेता राजीव महतो ने थामा भाजपा का दामन


झाड़ग्राम, 05 मार्च (हि. स.)। झाड़ग्राम की राजनीति में गुरुवार दोपहर परिवर्तन रथयात्रा के पथ में शिल्दा के मंच पर बिनपुर दो ब्लॉक युवा तृणमूल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजीब महतो ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा के झाड़ग्राम जिलाध्यक्ष तूफान महतो और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामित दास की उपस्थिति में उन्होंने आधिकारिक तौर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

बताया जा रहा है कि राजीब महतो का बिनपुर और बेलपहाड़ी क्षेत्र के युवाओं के बीच अच्छा प्रभाव माना जाता है। ऐसे में उनका तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होना इलाके की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

राजीब महतो लंबे समय तक बिनपुर दो ब्लॉक में युवा संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने बताया कि 2017 से 2020 तक ब्लॉक के सचिव, 2021 से 2026 तक ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और तृणमूल विधायक के प्रतिनिधि भी रह चुके हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके भाजपा में शामिल होने से बेलपहाड़ी क्षेत्र में पार्टी के संगठन को और मजबूती मिल सकती है। शिल्दा के मंच पर साहेब अली ने भी भाजपा का दामन थामा।

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह दल-बदल इलाके में तृणमूल कांग्रेस के भीतर बढ़ती गुटबाजी का परिणाम है। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय राजनीति में चर्चाओं का दौर जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता