झाड़ग्राम में ट्रकों-ट्रैक्टरों से वसूली का भंडाफोड़, पुलिस कांस्टेबल समेत चार गिरफ्तार
कोलकाता, 26 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में ट्रकों और ट्रैक्टरों से व्यवस्थित तरीके से अवैध धनराशि वसूले जाने के मामले में पुलिस की एंटी करप्शन ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने एक पुलिस कांस्टेबल और तीन बिचौलियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान वाहनों से वसूली के लिए इस्तेमाल किए जा रहे नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
एसीबी के अनुसार, झाड़ग्राम थाने में पदस्थ पुलिस कांस्टेबल के लिए बिचौलियों के माध्यम से विभिन्न व्यावसायिक वाहनों से पैसे वसूले जा रहे थे। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्रांच ने मामले मैं कार्रवाई की।
मंगलवार रात हुई कार्रवाई के दौरान एक ट्रक मालिक से रिश्वत की रकम लेते हुए बिचौलियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक बिचौलिए ने जांच अधिकारियों को बताया कि संबंधित पुलिस कांस्टेबल को देने के लिए वह अलग-अलग ट्रकों से पहले ही करीब पांच लाख रुपये वसूल चुका था।
जांच के दौरान बिचौलिए के मोबाइल फोन से भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। उसके फोन में संबंधित पुलिस कांस्टेबल का नंबर ‘झाड़ग्राम मैनेजर’ के नाम से सेव मिला। इसके बाद एसीबी ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वसूली की रकम के मुख्य लाभार्थी तक पहुंच बनाई।
एंटी करप्शन ब्रांच ने पुलिस कांस्टेबल समेत तीनों बिचौलियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान जाल में इस्तेमाल की गई रिश्वत की रकम के अलावा विभिन्न ट्रकों से कांस्टेबल को देने के लिए पहले से वसूले गए करीब पांच लाख रुपये भी जब्त किए गए हैं।
एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि वसूली का यह नेटवर्क कितना बड़ा था। कितने ट्रकों और ट्रैक्टरों से पैसे लिए गए, कितने समय से यह गतिविधि चल रही थी और इस पूरे मामले में अन्य किसी पुलिसकर्मी या व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्रांच की सक्रियता लगातार बढ़ी है। पुलिस के तेज-तर्रार अधिकारी मुरलीधर शर्मा की एसीबी में पोस्टिंग के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

