झाड़ग्राम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर केमिकल टैंकर पलटने से भड़की आग
कोलकाता, 23 अक्टूबर (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में गुरुवार देर रात एक प्लास्टिक केमिकल से भरा एक टैंकर नियंत्रण खोकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गया और कुछ ही पल में उसमें विनाशकारी आग भड़क उठी। आग की चपेट में सड़क किनारे खड़े अन्य वाहन भी आ गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना झाड़ग्राम के चिचिड़ा क्षेत्र के चियापाड़ा के पास खड़गपुर-चिचिड़ा 49 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, टैंकर झारखंड से आ रहा था और बंगाल-झारखंड सीमा पर स्थित चिचिड़ा चेकपोस्ट पार कर लोधाशुली की ओर जा रहा था। चियापाड़ा के पास पहुंचते ही वह नियंत्रण खोकर सड़क पर पलट गया, जिसके बाद प्लास्टिक केमिकल में तेजी से आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि सड़क किनारे खड़े दो अन्य वाहनों में भी आग पकड़ ले ली। केमिकल के कारण आग का रूप बेहद खतरनाक हो गया और राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों लेनों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। खबर मिलते ही जामबोनी थाने की पुलिस और झाड़ग्राम दमकल विभाग के कई इंजन मौके पर पहुंचे।
दमकलकर्मियों की कई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। पुलिस ने बताया कि टैंकर का चालक और खलासी घटना के तुरंत बाद फरार हो गए। सौभाग्य से इस भीषण आग में किसी की जान नहीं गई। फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

