झाड़ग्राम अदालत में 13 जून को राष्ट्रीय लोक अदालत, नई तिथि घोषित
झाड़ग्राम, 28 अप्रैल (हि. स.)। एसआईआर से जुड़े कार्यों में न्यायाधीशों की व्यस्तता के कारण मार्च महीने में स्थगित हुई झाड़ग्राम अदालत की प्रथम चरण की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए नई तिथि घोषित की गई है। मतदान प्रक्रिया और एसआईआर का काम पूरा होने के बाद झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नई तारीख तय की है। अब आगामी 13 जून को झाड़ग्राम जिला अदालत में दूसरे चरण की राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
मंगलवार को संस्था की सचिव एवं न्यायाधीश रिहा त्रिवेदी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर एसआईआर से संबंधित सुनवाई के लिए जिले के कुल नौ न्यायाधीशों को जिम्मेदारी दी गई थी। मतदाता सूची संशोधन का काम चलने के कारण 14 मार्च को निर्धारित लोक अदालत को स्थगित करना पड़ा था।
अदालत सूत्रों के अनुसार बैंक ऋण, बिजली बिल बकाया, वाहन संबंधी जुर्माना और आपराधिक मामलों सहित विभिन्न प्रकार के मामलों के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। इससे वादियों को जल्दी राहत मिलती है और अदालतों पर बोझ भी कम होता है।
दूसरी ओर “समाधान समारोह 2026” राष्ट्रीय लोक अदालत 21, 22 और 23 अगस्त को आयोजित की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के पक्षकार इस विशेष लोक अदालत में निपटारे के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा चेक बाउंस से जुड़े एनआई विशेष लोक अदालत का आयोजन 18 जुलाई और 21 नवंबर को झाड़ग्राम अदालत में किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

