home page

झाड़ग्राम के कुलटिकरी बाजार में पुलिस का अभियान

 | 

झाड़ग्राम, 02 सितंबर (हि. स.)। झाड़ग्राम जिले के सांकराइल प्रखंड के कुलटिकरी बाजार में बुधवार देर शाम पुलिस ने अभियान चलाया। सांकराइल थाने के प्रभारी अधिकारी सौमेन सिन्हा महापात्र के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने बाजार की कई मिठाई और किराना दुकानों का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मिठाई की दुकानों में मिठाइयों की गुणवत्ता, बासी या खराब मिठाई रखे जाने, दुकान की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव की जानकारी ली। दुकानदारों को मिठाई और तले हुए खाद्य पदार्थ ढककर रखने तथा दुकान में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने बाजार में यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। दुकानों के सामने ग्राहकों की साइकिल और मोटरसाइकिल खड़ी रहने से रास्ते में परेशानी होने की बात सामने आई। पुलिस ने दुकानदारों और ग्राहकों से सड़क अथवा दुकानों के सामने वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की अपील की। पुलिस ने चेतावनी दी कि निर्देश का पालन नहीं करने पर आगे जुर्माना लगाया जा सकता है।

पुलिस ने किराना दुकानों की भी जांच की। दुकानों में चीनी की कीमत, उपलब्ध भंडार, विभिन्न सामानों की मात्रा और बिक्री से संबंधित जानकारी ली गई। दुकानदारों से कई बिंदुओं पर पूछताछ भी की गई। पुलिस ने मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाले खाद्य रंग की बिक्री और उसके उपयोग की भी जानकारी ली। यह देखा गया कि खाद्य रंग का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार किया जा रहा है या नहीं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, खाद्य विभाग के साथ समन्वय कर आने वाले दिनों में सांकराइल प्रखंड के अन्य बाजारों में भी अभियान चलाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता