आग लगने से सात दुकानें जलकर राख
झाड़ग्राम, 10 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम शहर के लोकल बोट इलाके में शनिवार देर रात भयावह आग लगने से सात दुकानें जलकर राख हो गईं। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार देर रात एक दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग पास की अन्य दुकानों में भी फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में पूरा इलाका धुएं से भर गया। आसपास के लोगों ने आग लगते देखा और दमकल विभाग को सूचना दी।सूचना पाकर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी देर की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सात दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। खबर लिखे जाने तक आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया था। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

