मतदाताओं का भरोसा बढ़ाने मैदान में उतरा झाड़ग्राम जिला प्रशासन
झाड़ग्राम, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। शुक्रवार शाम को झाड़ग्राम की जिलाधिकारी आकांक्षा भास्कर और पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले के उन सभी स्थानों का निरीक्षण किया, जहां पिछले चुनावों के दौरान अशांति या तनाव की घटनाएं सामने आई थीं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान लोगों को आश्वस्त किया गया कि आगामी चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर मतदाता को निर्भय होकर मतदान करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि यह दौरा जनता के बीच विश्वास कायम करने और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र तथा निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

