झाड़ग्राम से ब्रिगेड के लिए भाजपा समर्थक रवाना
झाड़ग्राम, 08 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जंगलमहल क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए झाड़ग्राम जिले से हजारों समर्थक कोलकाता रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं।
दलीय सूत्रों के अनुसार झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम—इन चारों विधानसभा क्षेत्रों से लगभग 150 बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा समर्थकों को कोलकाता पहुंचाने के लिए विशेष रेलगाड़ियों की व्यवस्था किए जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि इस संबंध में रेल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दलीय सूत्रों का यह भी कहना है कि रेल से यात्रा करने वाले समर्थकों से किराया नहीं लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से भी कोलकाता के लिए रवाना होंगे। विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद जंगलमहल क्षेत्र में भाजपा की मजबूत स्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है।
जिला भाजपा के उपाध्यक्ष देवाशीष कुंडू ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। उन्होंने बताया कि समर्थकों के लिए बस और वाहनों की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी लोग आसानी से ब्रिगेड मैदान पहुंच सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

