विस चुनाव 2026 : आयुष्मान भारत लागू करने का वादा, प्रचार में जुटे लक्ष्मीकांत
झाड़ग्राम, 19 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने पर आयुष्मान भारत योजना लागू करने का वादा करते हुए झाड़ग्राम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव ने गुरुवार को घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि लक्ष्मी भंडार योजना बंद नहीं होगी, बल्कि इसके स्थान पर अन्नपूर्णा भंडार योजना शुरू की जाएगी।
लक्ष्मीकांत साव ने शहर के सावित्री मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने झाड़ग्राम नगरपालिका के वार्ड संख्या 18 में दीवार लेखन में हिस्सा लिया और फिर लालगढ़ क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और बाजारों में लोगों से सीधे संवाद कर समर्थन मांगा।
लालगढ़ के बाद वे कांटापहाड़ी बाजार, रामगढ़ बाजार होते हुए सलुका गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक बुजुर्ग महिला का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी, जिससे लोगों को देश के किसी भी हिस्से में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सकेगा।
लक्ष्मीकांत साव गोपीबल्लभपुर थाना के बाबुडुमरो गांव के निवासी है। वे लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में पार्टी की राज्य समिति के सदस्य हैं। वे एक सफल व्यवसायी भी हैं।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुलाल मुर्मू ने कहा कि राज्य सरकार के सत्ता में आने के बाद जंगलमहल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है। मेडिकल कॉलेज व सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किए गए हैं।
दूसरी ओर, गोपीबल्लभपुर विधानसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार अजीत महतो ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लेकर अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की। उन्होंने झुमुर कलाकार दिवंगत विजय महतो के परिवार से मुलाकात की और लोधागुली व तपसिया क्षेत्रों में पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

