लावारिस बैग मिलने से हलचल, बम निरोधक दस्ते ने कब्जे में लिया
झाड़ग्राम, 23 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम शहर के जुबली मार्केट रोड इलाके में सोमवार सुबह एक लावारिस लाल रंग के बैग को लेकर फैली आशंका के बीच बम निरोधक दस्ते की टीम उसे अपने साथ ले गई। बैग मिलने के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल पर सिविक वॉलंटियरों को तैनात किया था। साथ ही बैरिकेड लगाकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते के सदस्यों ने बैग की जांच की और उसे अपने कब्जे में लेकर वहां से चले गए।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग को वहां रख दिया और फिर मौके से चला गया। हालांकि, बैग के अंदर क्या था और उसे किसने वहां रखा था, इस बारे में फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

