home page

टॉलीवुड अभिनेता जीत ने जताई बंगाल का गौरव वापस लौटने की उम्मीद

 | 

कोलकाता, 11 मई (हि.स.)।

टॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता जीत

ने सोशल मीडिया पर एक खास संदेश साझा करते हुए पश्चिम बंगाल के उज्ज्वल भविष्य और राज्य के खोए गौरव को वापस लाने की उम्मीद जताई है। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि यह जीत सिर्फ राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि जनता के लिए एक बड़ा संकल्प है। उन्होंने बंगाल की संस्कृति, परंपरा और शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की बात भी कही।

अपने संदेश में ‘मोदी की गारंटी’ का भी जिक्र किया गया। जीत ने कहा कि आम लोगों का प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर गहरा भरोसा है। अभिनेता ने यह भी माना कि लंबे समय से बंगाल का गौरव, अस्मिता, संस्कृति और शिक्षा की पहचान कहीं न कहीं कमजोर हुई है और इसे लेकर उन्होंने अपनी चिंता जाहिर की।

पोस्ट में उन्होंने लिखा कि पश्चिम बंगाल संशाधनों, प्रतिभा और अनगिनत योगदानों से समृद्ध राज्य है। यहां के लोग मेहनती, सांस्कृतिक रूप से समृद्ध और बलिदानी रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बीजेपी सरकार राज्य के लिए नई सुबह और नई रोशनी लेकर आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई ‘मोदी गारंटी’ पर करोड़ों लोगों की उम्मीदें टिकी हुई हैं।

अभिनेता ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि वह चाहते हैं कि पश्चिम बंगाल एक बार फिर ‘सोनार बांग्ला’ बनकर उभरे और अपना खोया हुआ गौरव वापस हासिल करे। उन्होंने अपने संदेश का अंत ‘जय हिंद’ के साथ किया।

उल्लेखनीय है कि भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में जीत की मौजूदगी सियासी हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ था ऐसे में जीत ने मोदी की गारंटी वाली पोस्ट डालकर सियासी गर्मी को और बढ़ा दिया।

वह मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे, लेकिन अब तक उन्हें कभी खुलकर राजनीतिक मंच पर नहीं देखा गया था। टॉलीवुड के ‘बॉस’ कहे जाने वाले जीत हमेशा खुद को राजनीतिक रंग से दूर रखते आए हैं, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग नजर आई। ब्रिगेड की जनसभा में जीत की मौजूदगी ने राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया।

अब तक राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले जीत के इस पोस्ट और ब्रिगेड में उनकी मौजूदगी को लेकर नए राजनीतिक समीकरणों की अटकलें भी शुरू हो गई हैं। टॉलीवुड के अंदर भी उनके इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा