जेईई परीक्षा का परिणाम घोषित, 97.74 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल; श्वाशत बनर्जी बने टॉपर
कोलकाता, 18 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा (डब्ल्यूबीजेईई) 2026 का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड के अध्यक्ष गौतम भट्टाचार्य और रजिस्ट्रार दिव्येंदु कर ने परिणाम जारी करते हुए परीक्षा से जुड़े विभिन्न आंकड़े और मेधा सूची की जानकारी दी।
बोर्ड के अनुसार, इस वर्ष कुल 1,20,856 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 94,901 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 67,378 पुरुष, 27,521 महिला और दो तृतीय लिंग के अभ्यर्थी थे।
परीक्षा में कुल 92,753 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जो कुल परीक्षार्थियों का 97.74 प्रतिशत है। सफल अभ्यर्थियों में 66,383 पुरुष, 26,368 महिला तथा 2 तृतीय लिंग के अभ्यर्थी शामिल हैं।
राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के 73,665 अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि राज्य के बाहर के 19,088 अभ्यर्थियों ने भी परीक्षा उत्तीर्ण की।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड ने बताया कि विभिन्न आरक्षण श्रेणियों के तहत सीटों का आरक्षण पूर्व निर्धारित नियमों के अनुसार रहेगा। अनुसूचित जनजाति के लिए 6 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के लिए 22 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 7 प्रतिशत, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी।
-----
मेधा सूची में शीर्ष 10 अभ्यर्थी
1. श्वाशत बनर्जी (सॉल्टलेक, नालंदा अकादमी, कोटा, राजस्थान)
2. सौरिद्ध मंडल (बिद्यानगर, विष्णुपुर, विवेकानंद मिशन स्कूल, जोका)
3. उमंग भूट (रानीगंज, पूर्व इंटरनेशनल स्कूल, दुर्गापुर)
4. राहुल कोनार (उत्तर 24 परगना, डीपीएस न्यूटाउन)
5. सरबान भट्टाचार्य (बीजपुर, गार्डेन हाई स्कूल)
6. अर्हा भट्टाचार्य (चंद्रकोना, चंद्रकोना जिराट हाई स्कूल)
7. सृजन सूर (शिबपुर, हावड़ा)
8. मनीष सेनापति (कोतवाली, मेदिनीपुर)
9. सब्यसाची लस्कर (सोनारपुर, बीडीएम इंटरनेशनल स्कूल)
10. देवजीत पाल (बालीगंज, साउथ प्वाइंट स्कूल)
इस वर्ष की मेधा सूची में सभी शीर्ष 10 स्थानों पर पुरुष अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब सफल अभ्यर्थी इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, वास्तुकला और फार्मेसी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

