जयरामबाटी में होटलों में प्रशासनिक अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण, अग्निशमन व्यवस्था की जांच
बांकुड़ा, 25 अगस्त (हि. स.)। तारापीठ और कोलकाता के विभिन्न होटलों में हाल में हुई आग की घटनाओं के बाद प्रशासन पूरे राज्य में सुरक्षा को लेकर सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार को बांकुड़ा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल जयरामबाटी में प्रशासन की संयुक्त टीम ने कई होटलों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दमकल, पुलिस, बीएलओ और बिजली विभाग के अधिकारियों की टीम ने जयरामबाटी के छोटे-बड़े कई होटलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने होटलों में अग्निशमन व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की जांच की।
जांच के दौरान देखा गया कि होटलों में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र हैं या नहीं और वे सही स्थिति में हैं या नहीं। साथ ही आपात स्थिति में लोगों के बाहर निकलने के लिए उचित रास्ता और आपात निकास की व्यवस्था भी देखी गई। बिजली विभाग के अधिकारियों ने होटलों में बिजली के तारों की भी जांच की।
निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह जांच की गई है। जिन होटलों में अग्निशमन व्यवस्था में किसी तरह की कमी पाई गई है, उन्हें जल्द से जल्द नियमों के अनुसार व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया गया है। निर्देश का पालन नहीं करने पर होटल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

