कांग्रेस को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता जयंत कुमार राय भाजपा में शामिल
कूचबिहार, 31 मार्च (हि. स.)। राज्य में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जिले के मेखलीगंज क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मेखलीगंज विधानसभा सीट से दो बार कांग्रेस के उम्मीदवार रह चुके वरिष्ठ नेता जयंत कुमार राय ने भाजपा का दामन थाम लिया है। मेखलीगंज के परमेखलीगंज ग्राम पंचायत के निगमानंद आश्रम से सटे मैदान में आयोजित मंगलवार को राजनीतिक सभा में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार दधिराम रॉय के हाथों से पार्टी का झंडा थाम लिया।
इस कार्यक्रम में जिला कमेटी के महासचिव बंकिम चंद्र रॉय, दक्षिण मंडल अध्यक्ष शंकर रॉय समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।
मिली जानकारी के अनुसार, जयंत कुमार राय 1993 में हल्दीबाड़ी पंचायत समिति के सदस्य चुने गए थे। इसके बाद 2006 और 2011 में उन्होंने मेखलीगंज सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा। वह लंबे समय तक जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे है। पार्टी बदलने को लेकर जयंत कुमार राय ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार परेश चंद्र अधिकारी पर कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा घोटाले में आरोपित उम्मीदवार को हराने और पश्चिम बंगाल को भ्रष्टाचार व शोषण से मुक्त करने के उद्देश्य से उन्होंने भाजपा में शामिल हुए हैं।
चुनाव से पहले इस बड़े नेता के भाजपा में शामिल होने से मेखलीगंज में पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

